रुद्रपुर। रुद्रपुर में एक कारोबारी ने हरियाणा की एक ट्रेडिंग फर्म के संचालकों पर 30 लाख 49 हजार रुपये की कथित ठगी और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मॉडल कॉलोनी निवासी श्याम भनोट, जो गणपति एंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर एवं निदेशक हैं, ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी फर्म का वर्ष 2019 से 2022 के बीच हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित निगमा ट्रेडिंग के साथ चावल का व्यापार था। शिकायत के अनुसार, इस दौरान दोनों पक्षों के बीच 2 करोड़ 58 लाख 10 हजार 777 रुपये का कारोबार हुआ।
श्याम भनोट का आरोप है कि कुल लेन-देन में से 2 करोड़ 27 लाख 61 हजार 672 रुपये का भुगतान कर दिया गया, जबकि 30 लाख 49 हजार 105 रुपये अभी भी बकाया हैं। उन्होंने बताया कि यह चावल संजारी सीड्स, जीआर एग्रो इंडस्ट्रीज काशीपुर और गणपति एंटरप्राइजेज रुद्रपुर के माध्यम से निगमा ट्रेडिंग को भेजा गया था। शिकायत में कहा गया है कि जब बकाया राशि की मांग की गई, तो निगमा ट्रेडिंग के संचालक राजीव वालिया, उनके भाई रवि वालिया तथा पिता सत्यप्रकाश वालिया, जिन्हें फर्म का साइलेंट पार्टनर बताया गया है, भुगतान करने के बजाय धमकियां देने लगे. आरोप है कि आरोपियों ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित कारोबारी का आरोप है कि आरोपी जानबूझकर बकाया राशि का भुगतान नहीं कर रहे हैं और धोखाधड़ी कर रकम हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आशंका जताई कि आरोपियों से उन्हें जान-माल का खतरा है। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और व्यापारिक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, भुगतान के रिकॉर्ड तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik