पौड़ी। मंगलवार सुबह भारी बारिश के बीच जनपद के महरगांव में एक दो मंजिला मकान ढह गया। इस हादसे में मलबे में परिवार के चार लोग दब गए। ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोगों की तलाश जारी है। मौके पर प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें राहत और बचाव अभियान में जुटी हैं।
पौड़ी गढ़वाल में लगातार बारिश के बीच कई इलाकों से भूस्खलन की घटनाएं सामने आई है। महरगांव में बारिश से मकान ढहने की घटना में मलबे में चार लोगों के दबे होने की प्रारंभिक सूचना मिली। सूचना मिलते ही प्रशासन, एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल 3 अन्य की तलाश जारी है। लापताओं में एक 2 साल का बच्चा भी शामिल है। घटनास्थल पर एंबुलेंस और मेडिकल टीम भी भेजी गई है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है। घायल महिला को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल सतपुली हंस चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। मौके पर एसडीआरएफ, पटवारी और चौकी की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
उधर, पौड़ी में बारिश से हालात का जायजा लेने जिलाधिकारी मंगलवार को तत्काल आपदा कंट्रोल रूम पहुंचीं और अधिकारियों से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली। सामने आया कि इलाकों में बारिश के कारण कई सड़कें भी प्रभावित हुईं हैं। जिलाधिकारी ने सभी बाधित मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए। सतपुली-गुमखाल मार्ग पर जेसीबी की मदद से सड़क को खोल दिया गया है, जबकि गुमखाल-द्वारीखाल-महरगांव मार्ग को सुचारू करने के लिए भी जेसीबी भेजी गई है। जिलाधिकारी ने विद्युत, पेयजल और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं की स्थिति की भी समीक्षा की। फीडर ब्रेकडाउन होने पर विद्युत विभाग को तत्काल मौके पर पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। नदी-नालों और गदेरों का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik