रुद्रप्रयाग। कोतवाली रुद्रप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कंडाली में 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों आत्महत्या कर ली। कक्षा नौ में अध्ययनरत किशोरी का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस गहन जांच कर रही है।
विकासखंड अगस्त्यमुनि में छात्रा कक्षा नौ में पढ़ती थी। वह पढ़ाई के सिलसिले में पिछले कुछ समय से अपने नाना के घर ग्राम कंडाली में रह रही थी। स्थानीय लोगों के अनुसार किशोरी शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में उसकी विशेष रुचि थी। ऐसे में अचानक उसकी मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है। बीते रोज शाम को किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान परिजनों ने उसका फंदे से लटका शव देखा। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
आनन-फानन में किशोरी को उपचार के लिए अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस सक्रिय हुई। कोतवाल मुकेश चैहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेज दिया। नाबालिग किशोरी की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। हालांकि अभी तक किशोरी की मौत के पीछे किसी स्पष्ट कारण की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य को गंभीरता से लिया जाएगा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik