ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: August 03, 2026 02:40 PM IST
अपराध

सोशल मीडिया विवाद में सड़क पर मारपीट, कार तोड़ी

हरिद्वार। जिले की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी  के विरोध में दूसरे पक्ष के लोगों ने एक युवक के चार दोस्तों को बीच रास्ते में घेर कर न सिर्फ जमकर पिटाई की, बल्कि लाठी-डंडों से उनकी कार को भी चकनाचूर कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने हुड़दंगियों की पहचान कर ली है। कई आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
 यह मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गुरुकुल नारसन गांव का है। बताया जा रहा है कि मंगलौर क्षेत्र के एक युवक द्वारा फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने से दो पक्षों में काफी समय से तनाव बना हुआ था। बीते शनिवार को विवादित टिप्पणी करने वाले युवक के चार दोस्त कार में सवार होकर गुरुकुल नारसन से गुजर रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के लोगों ने उनकी कार को चारों तरफ से घेर लिया।
 इसके बाद आरोपियों ने कार पर ताबड़तोड़ लाठी और डंडे बरसा दिए। इसी के साथ कार में सवार युवकों को खिड़की से बाहर निकालकर बुरी तरह पीटा गया। इसके बाद किसी तरह से पीड़ितों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। बात सिर्फ मारपीट तक सीमित नहीं रही। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि सोशल मीडिया पर कुछ समय पहले एक और वीडियो पोस्ट किया गया था। वीडियो में एक युवक एक-47 जैसा हथियार लहराता दिख रहा है। अन्य वीडियो में अवैध तमंचे दिखाए गए थे। इसके अलावा क्षेत्र में चार दिन पहले हुई हवाई फायरिंग की घटना से भी इस विवाद के तार जोड़े जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस को मुस्तैद किया गया है। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह मेहर के मुताबिक वायरल वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान कर ली गई है। कई आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×