ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: August 30, 2026 04:06 PM IST
राज्य

बाल विकास मंत्री की विस में महिला शौचालय नहीं, उठा गंभीर सवाल

अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र की जमीनी हकीकत महिलाओं के लिए बुनियादी सुविधाओं के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
बाल विकास मंत्री और सोमेश्वर की विधायक का गृह क्षेत्र माने जाने वाले बाजार में महिलाओं के लिए समुचित सार्वजनिक शौचालय तक उपलब्ध नहीं है। इसका खामियाजा हाल ही में एक युवती को माहवारी के दौरान आपात स्थिति में भुगतना पड़ा।
सोमेश्वर निवासी नेहा खर्कवाल ने अपनी आपबीती साझा की, जो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रही है। उन्होंने बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ बाजार गई थीं। इसी दौरान उनकी दोस्त को अचानक पीरियड्स शुरू हो गए। आपात स्थिति में वाशरूम की जरूरत पड़ी तो वे चैराहे के पास स्थित एक होटल में गईं, लेकिन उन्हें शौचालय इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी गई। होटल की ओर से उन्हें सार्वजनिक शौचालय जाने को कहा गया।नेहा के अनुसार सार्वजनिक शौचालय करीब 300 मीटर दूर था। वहां पहुंचने पर पता चला कि शौचालय में दरवाजा तक नहीं था। ऐसी स्थिति में युवतियों और महिलाओं के सामने होने वाली परेशानी ने उन्हें झकझोर दिया।नेहा का कहना है कि युवा जेन-जी अब अपने अधिकारों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर सवाल पूछने लगी है। उन्होंने कहा कि माहवारी कोई शर्म की बात नहीं, बल्कि महिलाओं की सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है। ऐसे में अचानक आपात स्थिति आने पर महिलाएं आखिर जाएं कहां?
खास बात यह है कि विधायक रेखा आर्या स्वयं बाल विकास मंत्री हैं और महिला स्वास्थ्य व माहवारी जागरूकता से जुड़े अभियानों में सक्रिय दिखाई देती हैं। ऐसे में उनके विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख बाजार में महिला शौचालय की बदहाल स्थिति व्यवस्था की गंभीरता को सामने लाती है।
जागरूक युवतियां अब सवाल कर रही हैं। सरकार महिलाओं के सम्मान और स्वच्छता की बात करती है तो सोमेश्वर में सुरक्षित और उपयोगी महिला शौचालय कब होगा?

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×