गोपेश्वर। गुरूवार को जिले के दशोली विकासखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आसमानी आफत के बीच एक नवजात बच्चा उफनते नाले के पास मिला है। जानकारी मिलते ही प्रशासन ने उसका रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, जहां अब डॉक्टरों की देखरेख में फिलहाल वह स्वस्थ है।
गुरुवार सुबह ग्राम पंचायत रागतोली के समीप गधेरे में ग्रामीणों को एक नवजात शिशु जीवित अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने नवजात को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। फिलहाल बच्चे की हालत सामान्य है। चमोली पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि गुरुवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने रागतोली गांव के पास गधेरे में नवजात के रोने की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा हुआ है। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नवजात को सुरक्षित जिला चिकित्सालय पहुंचाया। घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आशंका है कि नवजात को सुबह के समय ही कोई वहां छोड़कर गया होगा। घटना को लेकर क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की चर्चाएं भी हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटा रही है। वहीं, बच्चे का पहले इलाज के लिए गोपेश्वर जिला चिकित्सालय लाया गया था। डॉक्टर का कहना है कि बच्चा बेबी बॉय है। उसको हाइपोथर्मिया हो गया था। फिलहाल बच्चे को श्रीनगर रेफर किया गया है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik