ADVERTISMENT
  • Written By: Admin
  • Published: August 14, 2026 03:00 PM IST
राज्य

अभिषेक वाल्मीकि के अंतिम संस्कार को लेकर भारी पुलिस बल तैनात

रुद्रपुर। काशीपुर रोड पर सात अगस्त को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद अभिषेक को उपचार के लिए राम मूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसकी हालत लगातार बिगड़ रही थी। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने परिजनों को बेहतर उपचार के लिए ऋषिकेश एम्स ले जाने की सलाह दी।
परिजन अभिषेक को लेकर ऋषिकेश के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अभिषेक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मौत की खबर मिलते ही वाल्मीकि समाज के लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गई. अभिषेक का अंतिम संस्कार शुक्रवार यानि आज किया जाना है।
अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह, सीओ बाजपुर, सीओ काशीपुर और सीओ रुद्रपुर समेत विभिन्न अधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस फोर्स को ब्रीफ किया गया।
गदरपुर, आईटीआई, काशीपुर और रुद्रपुर कोतवाली समेत विभिन्न थानों की पुलिस फोर्स को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है। सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। रुद्रपुर कोतवाली में हुई ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। अंतिम संस्कार स्थल और उसके आसपास के क्षेत्र में भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की रणनीति बनाई गई। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलने से रोका जाए और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं पर भी निगरानी रखी जाए। दरअसल, अभिषेक की मौत से पहले वाल्मीकि समाज के लोगों ने नगर निगम और कोतवाली में हंगामा किया था। इसी घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस प्रशासन अंतिम संस्कार के दौरान किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहता।
वहीं अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग शामिल होने की आशंका है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेगी।

ADVERTISMENT

Today’s ePaper

Read today’s ePaper
ADVERTISMENT
ADVERTISMENT
×