रुद्रपुर। किच्छा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बदमाशों ने एयरटेल पेमेंट बैंक के कलेक्शन एजेंट से करीब 12 लाख 60 हजार रुपए की लूट की है। पीड़ित ने इस मामले में पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, पीड़ित ने पुलिस को जो शिकायत दी है, उसके अनुसार ये मामला बीती आठ अगस्त का है। आरोप है कि छह-सात बदमाशों ने सुनसान रास्ते में बाइक रुकवाकर उससे मारपीट और उसका रुपयों से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित ने जब बदमाशों का विरोध किया तो उन्होंने उसके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद पीड़ित दहशत में आ गया था। इसीलिए उसने वारदात के कई दिनों बाद हिम्मत कर पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित ने बताया कि वो एयरटेल पेमेंट बैंक के लिए कलेक्शन का काम करता है। आठ अगस्त को वह अपने दो साथियों के साथ बाइक पर किच्छा में स्वतंत्र माइक्रोफिन कार्यालय गया था, जहां उसने कलेक्शन के 12 लाख 60 हजार रुपए लिए। पीड़ित के मुताबिक इन रुपयों को उसने अपने बैग में रखा। इसके बाद तीनों दोस्त बाइक से अपने गांव की ओर वापस लौट रहे थे।
पीड़ित ने बताया कि बाइक उसका दोस्त चला रहा था, जबकि दूसरा दोस्त पीछे बैठा हुआ था, वो रुपए से भरे बैग के साथ बीच में बैठा हुआ था। कलेक्शन की रकम नीले रंग के स्काईबैग में रखी हुई थी। तीनों जब गांव के पास गज्जन सिंह के खेत के नजदीक सुनसान इलाके में पहुंचे तो वहां पहले से छह-सात लोग मोटरसाइकिल के पास खड़े थे। आरोप है कि इन लोगों ने अचानक बाइक को रुकवा लिया और पीड़ित के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसके हाथ से 12.60 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। पीड़ित ने विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे धमकाते हुए कहा कि यदि पुलिस में शिकायत की तो उसे और उसके बच्चों को गोली मार दी जाएगी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मेन हाईवे की तरफ फरार हो गए।
पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद वो काफी डर गया। उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, लेकिन धमकी के कारण तत्काल थाने जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। परिजनों के समझाने के बाद वह 13 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






.jpeg)








Copyright © 2026 News Bank. Designed & Developed by Digital Clik